Thursday, May 12, 2011

ऊंचाई तीन फुट, लेकिन हौसले हैं बुलंद
महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक पद पर सफलतापूर्वक कार्य कर रही है पूनम
मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक सही तरीके से पहुंचे इसके लिए पद से जुड़े सभी दायित्वों का निर्वहन मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ करते रहूंगी। ये बात आज यहां पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक बदलाव विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान घरघोड़ा परियोजना में पर्यवेक्षक के पद पर पदस्थ कुमारी पूनम मित्तल ने कही। वैसे तो पूनम की ऊंचाई तीन फुट ही है लेकिन उनके हौसले बुलंद है। जीवन की प्रकृति प्रदत्त विषमताओं को जिस जीवटता से उन्होंने चुनौती देकर उन पर विजय पायी, उससे वे न केवल महिलाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनी है बल्कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को भी सही मायने में चरितार्थ कर रही हैं। सेमीनार में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मंच पर पूनम को आशीर्वाद दिया और उनके लगन तथा साहस की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने उन्हें जीवन में इसी तरह सदैव आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुलाकात के दौरान घरघोड़ा निवासी पूनम ने कहा कि उनका कोई भाई नहीं है वे अपने पिता का सहारा बने रहेंगी और यह साबित करेंगी कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं है।

    कुमारी पूनम का कहना है कि धैर्य, लगन और मेहनत से अपने उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षक पद पर उनकी नियुक्ति होने पर उनके माता-पिता गर्व का अनुभव करते हैं और उन्हें अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं। कुमारी पूनम अपने माता-पिता की तीन कन्या संतानों में दूसरे नम्बर की पुत्री हैं। पूनम ने बताया कि कम ऊंचाई के कारण चढ़ने उतरने में थोड़ी परेशानी जरूर होती है लेकिन इसकी वजह से कार्यालयीन कार्यो के निर्वहन में कोई रूकावट नहीं आती है। वे नियुक्ति के बाद से आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकताओं को आ रही समस्याओं का समाधान भी कर रही हैं। उनकी सोच है कि वे जब जिस पद पर पदस्थ रहेंगी, उससे जुड़े दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और जिम्मेदारी से करेंगी। पूनम ने बताया कि वे वर्तमान में शासकीय नौकरी के साथ-साथ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित होने वाली परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं। पूनम ने कहा कि जब तक वे महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर रहेंगी, तब तक विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं और गतिविधियों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगी।---आशीष शुभ

No comments:

Post a Comment